Connect with us

चन्दौली

दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक

Published

on

Loading...
Loading...

नौगढ़। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को थाना चकरघट्टा परिसर में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह ने की।

बैठक में थाना क्षेत्र में स्थापित होने वाले नौ दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन करने, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने तथा भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में आग से बचाव के लिए बालू और पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। साथ ही बिजली के कनेक्शन और तारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अभद्रता करने, शराब के नशे में हुड़दंग मचाने अथवा शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बताया कि पर्व के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के साथ पुलिस की गश्त भी लगातार जारी रहेगी।

बैठक में पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान पुलिसकर्मियों के अलावा विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page