Connect with us

चन्दौली

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

Published

on

Loading...
Loading...

नौगढ़। मिशन शक्ति फेज-05 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। मिशन शक्ति प्रभारी/उपनिरीक्षक भृगुनाथ यादव के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सार्वजनिक स्थलों, स्कूल-कालेजों सहित विभिन्न स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया गया।

पुलिस टीम ने महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

पुलिसकर्मियों ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। छेड़खानी, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क किया जा सकता है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्यकर्मियों और महिलाओं को जागरूक करते हुए पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की असहज स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। वहीं, स्कूल-कालेजों में छात्राओं को आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। अनजान लोगों के साथ इंटरनेट पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर परिजनों और पुलिस को अवगत कराने को कहा गया।

उपनिरीक्षक भृगुनाथ यादव ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस की ओर से समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं किसी भी परिस्थिति में खुद को असहाय न समझें।

Advertisement

अभियान के दौरान महिला आरक्षी अंकिता पटेल, ममता, सत्या पांडेय और शिवानी यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके सुझाव भी लिए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page