भदोही
ट्रांसफार्मर में फाल्ट से रातभर गुल रही बिजली, भीषण गर्मी में परेशान रहे वार्डवासी
गणेश मंदिर के सामने ट्रांसफार्मर खराब होने से पूरी रात ठप रही आपूर्ति, सुबह तक नहीं हुआ समाधान
अधिकारियों के फोन बंद मिलने से बढ़ी नाराजगी, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
गोपीगंज (भदोही)। मिर्जापुर रोड स्थित गणेश मंदिर के सामने लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में खराबी आने से गुरुवार रात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच वार्डवासियों को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। समय रहते मामूली फाल्ट दूर न होने से लोगों में विद्युत विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार रात ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ताओं ने शिकायत दर्ज कराने के लिए विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अधिकांश अधिकारियों के मोबाइल फोन बंद मिले। लाइनमैन से संपर्क करने पर सुबह तक फाल्ट ठीक करने का आश्वासन दिया गया।
आरोप है कि सुबह होने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई और मरम्मत कार्य में लगातार देरी होती रही। दोपहर बाद फाल्ट ठीक होने पर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। इस दौरान भीषण गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भाजपा युवा नेता बिंदेश गुप्ता ने विभागीय कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शिकायत के समय जिम्मेदार अधिकारियों के मोबाइल अक्सर बंद रहते हैं, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने लाइनमैनों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया।
वार्डवासियों ने उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति में इस तरह की लापरवाही आम लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा देती है।
