जौनपुर
पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, साथी फरार
नेवढ़िया और जलालपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
अवैध तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद, फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
जौनपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नेवढ़िया और जलालपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार तड़के हुई मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार 24 और 25 जून की मध्यरात्रि थाना नेवढ़िया क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जलालपुर और सीतमसराय चौकी पुलिस को सतर्क कर संभावित मार्गों पर घेराबंदी की गई। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा के तहत पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घायल आरोपी की पहचान अरविन्द राजभर उर्फ मंगनू उर्फ मेवालाल राजभर निवासी जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं के रूप में हुई। वहीं उसका साथी महेश यादव उर्फ छोटू निवासी महरेवां, थाना जलालपुर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस तथा एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि अरविन्द राजभर के विरुद्ध जौनपुर और वाराणसी जनपद के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित लगभग एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई को पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता बताया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
