Connect with us

जौनपुर

ग्राम समाज की जमीन से हटाया गया अतिक्रमण

Published

on

Loading...
Loading...

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, जेसीबी से ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण

चौधी मलकानपुर में ग्राम समाज की भूमि कराई गई कब्जामुक्त, अतिक्रमणकारियों को दी चेतावनी

मड़ियाहूं (जौनपुर)। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम चौधी मलकानपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई थी कि ग्राम समाज की नवीन परती एवं खाद गड्ढा के रूप में दर्ज भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर किए गए अस्थायी और स्थायी कब्जों को हटाया गया तथा अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों के अनुसार भूमि का सीमांकन भी सुनिश्चित कराया और उसे पुनः सुरक्षित कराया।

Advertisement

उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि ग्राम समाज की भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित होती है और इस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और जहां भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की सूचना मिलेगी, वहां तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने या अवैध निर्माण कराने वालों के विरुद्ध राजस्व और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की कि सार्वजनिक अथवा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस बल, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जनहित की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page