मिर्ज़ापुर
अपना दल (एस) ने धूमधाम से मनाई राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की 152वीं जयंती
सामाजिक न्याय, शिक्षा और आरक्षण के योगदान को किया याद
कार्यकर्ताओं ने शाहूजी महाराज के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
मिर्जापुर। अपना दल (एस) ने शुक्रवार को सामाजिक न्याय के प्रणेता एवं आरक्षण के जनक राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की 152वीं जयंती जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। भरुहना स्थित पटेल चौक पर सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इंजी. राम लौटन बिंद ने की। उन्होंने कहा कि शाहूजी महाराज ने वर्ष 1902 में कोल्हापुर राज्य में पिछड़े एवं वंचित वर्गों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी। उन्होंने जाति-पंथ से ऊपर उठकर सभी के लिए शिक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने का कार्य किया, जिसके कारण उन्हें सामाजिक परिवर्तन का अग्रदूत माना जाता है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शाहूजी महाराज महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों से प्रेरित थे और उन्होंने जीवनभर शोषित, वंचित एवं पिछड़े समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के निर्देश पर प्रदेशभर में शाहूजी महाराज की जयंती मनाई जा रही है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी 2 जुलाई को लखनऊ में आयोजित ‘जन स्वाभिमान दिवस’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव रामवृक्ष बिंद, जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान, छात्र मंच जिलाध्यक्ष विकास मौर्य, नमिता केसरवानी, मनीषा सिंह, उमाशंकर सोनी, राजेश मौर्य, अर्जुन सोनकर, आरिफ अली मंसूरी, राहुल ओझा, अनुज कुमार मौर्य, विवेक दुबे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
