Connect with us

वाराणसी

यूपी कॉलेज की प्रवेश परीक्षाएं 1 से 4 जुलाई तक, 27 जून से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड

Published

on

Loading...
Loading...

स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों का कार्यक्रम जारी, 6 जुलाई से शुरू होगी मेरिट आधारित प्रवेश प्रक्रिया

बीएससी ऑनर्स कृषि की 165 सीटों पर 1220 आवेदन, प्रमुख पाठ्यक्रमों में कड़ी प्रतिस्पर्धा

वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार प्रवेश परीक्षाएं 1 से 4 जुलाई तक आयोजित होंगी, जबकि जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा नहीं होगी, उनमें 6 जुलाई से संबंधित विभागों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।

कॉलेज प्रशासन ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 27 जून को दोपहर 12 बजे के बाद अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र में अंकित विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को एक वैध फोटो पहचान पत्र भी साथ लाना होगा। बिना प्रवेश पत्र किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Advertisement

यदि आवेदन पत्र में नाम, विषय, जन्मतिथि, श्रेणी अथवा अन्य किसी प्रकार की त्रुटि है तो अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा के दिन आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ प्रवेश परीक्षा कार्यालय में उपस्थित होकर संशोधन करा सकते हैं।

प्रमुख पाठ्यक्रमों में सीटों से कई गुना अधिक आवेदन

इस वर्ष कई लोकप्रिय पाठ्यक्रमों में सीटों की तुलना में आवेदन संख्या कई गुना अधिक रही है। बीएससी ऑनर्स कृषि की 165 सीटों के लिए 1220 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं एमएससी कृषि की 60 सीटों पर 310 तथा एमएससी जंतु विज्ञान की 33 सीटों के लिए 255 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिससे कड़ी प्रतिस्पर्धा की संभावना है।

प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम

1 जुलाई: सुबह 8 से 10 बजे तक बीए , दोपहर 2 से 4 बजे तक एमएससी जंतु विज्ञान एवं एमएससी भौतिकी।
2 जुलाई: सुबह बीकॉम एवं बीएससी (गणित वर्ग) , दोपहर में एमएससी वनस्पति विज्ञान एवं एमकॉम ।
3 जुलाई: सुबह बीएससी (जीव विज्ञान वर्ग) , दोपहर में एमएससी रसायन विज्ञान एवं एमएससी कृषि ।
4 जुलाई: सुबह 8 से 10 बजे तक बीएससी ऑनर्स कृषि की प्रवेश परीक्षा।

कॉलेज प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचने की अपील की है। साथ ही बताया कि जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा नहीं होगी, उनमें विभाग स्तर पर 6 जुलाई से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। आवेदन संख्या को देखते हुए इस वर्ष अधिकांश प्रमुख पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कड़ा मुकाबला रहने की संभावना है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page