Connect with us

वाराणसी

अमरनाथ यात्रियों की सेवा में फिर जुटेगी काशी, चंदनबाड़ी में लगेगा 26वां विशाल भंडारा

Published

on

Loading...
Loading...

28 जून को 70 सदस्यीय सेवा दल होगा रवाना, 300-400 बाइकों की भव्य रैली निकलेगी

300 यात्रियों के ठहरने, भोजन और जरूरी सामग्री की निःशुल्क व्यवस्था; जुलाई से रक्षाबंधन तक चलेगी सेवा

वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी एक बार फिर बाबा बर्फानी के भक्तों की सेवा के लिए तैयार है। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी जम्मू-कश्मीर के अमरनाथ यात्रा मार्ग स्थित चंदनबाड़ी आधार शिविर में 26वां विशाल सेवा भंडारा लगाया जाएगा। जुलाई से रक्षाबंधन तक संचालित होने वाले इस सेवा शिविर में देशभर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिवाला स्थित होटल वाइब्स ऑफ काशी में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि सेवा अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 20 जून को 10 सदस्यीय पहला सेवा दल चंदनबाड़ी पहुंचकर टेंट और शिविर की तैयारियों में जुट चुका है। वहीं 28 जून को उनके नेतृत्व में 70 सदस्यीय दूसरा दल विवेक श्रीवास्तव के साथ बेगमपुरा एक्सप्रेस से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगा।

300 से 400 बाइकों की निकलेगी भव्य रैली

सेवा दल के प्रस्थान से पूर्व 28 जून की सुबह 7:30 बजे लक्सा स्थित होटल जसलोक (कौड़िया अस्पताल के सामने) से 300 से 400 बाइकों की विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली में भगवान शिव के हिम स्वरूप शिवलिंग की झांकी और डमरू दल विशेष आकर्षण होंगे। यह रैली लक्सा, भेलूपुर, शिवाला, सोनारपुरा, गोदौलिया, बांसफाटक, चौक, मैदागिन और लहुराबीर होते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।

Advertisement

बनारसी स्वाद के साथ मिलेगी सेवा

चंदनबाड़ी शिविर में श्रद्धालुओं के लिए बनारसी कचौड़ी, जलेबी, ठंडाई और पान के साथ-साथ पूड़ी-सब्जी, दाल-चावल, पावभाजी, इडली, मसाला डोसा और दूध सहित विभिन्न प्रकार के पौष्टिक भोजन की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी।

300 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था

समिति ने लगभग 300 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था भी की है। शिविर में कंबल, जूते, मोजे, स्वेटर, शॉल, टोपी, मास्क सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कठिन मौसम में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सुरक्षा को लेकर श्रद्धालुओं से न घबराने की अपील

समिति अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने कहा कि अमरनाथ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है। इस बार यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत की गई है। जिन श्रद्धालुओं का पूर्व पंजीकरण नहीं हो पाया है, उनके लिए जम्मू, श्रीनगर और पहलगाम में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। समिति अब तक अनेक श्रद्धालुओं के पंजीकरण में भी सहयोग कर चुकी है।

Advertisement

26 वर्षों से जारी है सेवा का सिलसिला

समिति पिछले 26 वर्षों से अमरनाथ यात्रियों की निःस्वार्थ सेवा करती आ रही है। हर वर्ष काशी से बड़ी संख्या में सेवादार चंदनबाड़ी पहुंचकर भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं। इस वर्ष 10 जुलाई को राजकोट (गुजरात) से भी एक सेवा दल गुजराती व्यंजनों के साथ चंदनबाड़ी पहुंचेगा। समिति ने काशीवासियों और शिवभक्तों से 28 जून को आयोजित बाइक रैली में शामिल होकर सेवा दल का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page