जौनपुर
25 जून भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय : डॉ. अजय कुमार सिंह
भाजपा जिला बैठक में आपातकाल स्मृति दिवस और वृहद वृक्षारोपण अभियान की बनी रणनीति
नई पीढ़ी को आपातकाल की सच्चाई बताने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी मछलीशहर की जिला बैठक गुरुवार को जिला कार्यालय सीहीपुर में आयोजित की गई। बैठक में आपातकाल स्मृति दिवस, समर्पण अभियान तथा वृहद वृक्षारोपण अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि 25 जून भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय है। इसी दिन देश में आपातकाल लागू कर संविधान की मूल भावना, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों का दमन किया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे नई पीढ़ी को आपातकाल की वास्तविक घटनाओं और उसके प्रभावों से अवगत कराएं, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति समाज सदैव सजग और जागरूक रहे।
उन्होंने कहा कि संगठन के अभियान केवल कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र सेवा, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा को मजबूत करने का माध्यम हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन के निर्देशों का अनुशासन और समर्पण के साथ पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं।
वृहद वृक्षारोपण अभियान पर चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने और मंडल, शक्ति केंद्र तथा बूथ स्तर तक व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. नृपेन्द्र सिंह एवं जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी अभियानों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक का संचालन अभियान संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष अतुल कुमार पांडेय ने किया। इस अवसर पर राजेश सिंह, डॉ. अभिषेक रावत, स्कन्द पटेल, चंद्रप्रकाश सिंह, रणविजय सिंह, मीना पटेल, हरिश्चंद्र मौर्य, मोहन राजभर, सोनी जायसवाल, सुदर्शन सिंह, हरिराम पाल, जयेश सिंह, केपी मिश्रा, मनोज जायसवाल, डॉ. रामचंद्र बिंद, अखिल प्रताप सिंह, रमेश दुबे, पंकज पाठक, अनीश रहमानी, शिवम पाल, ऋषिकेश तिवारी, विशाल शुक्ला एवं वैभव सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
