मिर्ज़ापुर
नव वर्ष पर मिर्जापुर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीम तैनात
नववर्ष 2025 के मौके पर मिर्जापुर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक ‘अभिनन्दन’ के निर्देशन में पूरे जनपद में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और ऑपरेशन, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और 3 कंपनियां पीएसी समेत भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

सड़कों पर सघन चेकिंग, खुले में शराब पर प्रतिबंध
मुख्य चौराहों और मार्गों पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और ओवरस्पीडिंग करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

शराब की दुकानों के आसपास पुलिस लगातार गश्त कर रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करे। पकड़े जाने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

मंदिरों में कड़ी निगरानी
मां विंध्यवासिनी मंदिर, अष्टभुजा और काली खोह मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया है। गर्भगृह में प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं से पुलिस कर्मियों को विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं।

महिला सुरक्षा पर फोकस, पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिस और एंटी रोमियो टीमों को तैनात किया गया है।जनपद के सभी पर्यटक स्थल, झरने और वाटर पार्क में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। होटल, ढाबा और अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

सीमाओं पर कड़ी निगरानी
जनपद की सीमाओं पर बैरियर लगाकर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मीरजापुर पुलिस का यह प्रयास नववर्ष को सुरक्षित और सुखद बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
