Connect with us

गाजीपुर

जमानिया स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल, एफओबी और ट्रेनों के ठहराव की मांग

Published

on

Loading...
Loading...

जमानिया (गाजीपुर)। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। सोमवार देर शाम जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश प्रवक्ता विनीत तिवारी स्टेशन पहुंचे और स्थानीय यात्रियों व लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान फुट ओवरब्रिज (एफओबी), ट्रेनों के कम ठहराव और यात्री सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी सामने आई।

आउटर से आउटर एफओबी की मांग

विनीत तिवारी ने कहा कि जमानिया स्टेशन पर आउटर से आउटर फुट ओवरब्रिज का निर्माण बेहद जरूरी है। मौजूदा व्यवस्था में स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को बाजार की ओर आने-जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार करने का जोखिम उठाना पड़ता है। उन्होंने हाल में ट्रैक पार करने के दौरान एक बच्चे की मौत की घटना का हवाला देते हुए सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।

ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने की मांग

उन्होंने कहा कि जमानिया स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की संख्या कम होने से यात्रियों को दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ता है। इसके अलावा स्टेशन पर हाल ही में बने फुट ओवरब्रिज पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की भी मांग उठाई गई।

सांसद और रेल मंत्री के समक्ष रखेंगे मुद्दा

विनीत तिवारी ने कहा कि स्टेशन की समस्याओं को सांसद नालंदा कौशलेन्द्र कुमार और रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। साथ ही रेल मंत्री से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल का आग्रह किया जाएगा।

Advertisement

बाजार और व्यापार पर भी असर

रेल कल्याण समिति के अध्यक्ष मिथलेश सिंह ने कहा कि ट्रेनों के कम ठहराव के साथ स्टेशन पर कई मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। इसका असर यात्रियों के साथ स्थानीय बाजार और व्यापार पर भी पड़ रहा है। उन्होंने सुविधाओं का विस्तार करने और महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने की मांग की।

ये लोग रहे मौजूद

इस मौके पर मिथलेश सिंह, सभासद मोहन गुप्ता, राजेश रौनियर, विशाल वर्मा, डॉ. वीएस पांडेय, एडवोकेट प्रमोद पांडेय, प्रीतपाल सिंह, बिनोद कुमार जायसवाल, जब्बार राईनी, राजकुमार श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page