गोरखपुर
होटल पर खाना लेने गए युवक पर लाठी-डंडों से हमला
गोरखपुर। ।कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार रात होटल पर खाना लेने गए एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को उसके भाई ने अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने में नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
8 से 10 अज्ञात लोगों पर भी आरोप
राजघाट थाना क्षेत्र के तुर्कमानपुर निवासी शाहनवाज पुत्र राफिउल्ला शाहमारूफ के पास स्थित हबीब होटल पर खाना लेने गया था। पीड़ित के भाई के अनुसार होटल के पास पहले से मौजूद अकबर के कुछ लड़कों और होटल में काम करने वाले करीब आठ से दस अज्ञात लोगों ने शाहनवाज को घेर लिया।
विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला
आरोप है कि घेरने के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर शाहनवाज के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर युवक का भाई मौके पर पहुंचा और घायल शाहनवाज को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
