गाजीपुर
पुराने मुकदमे में सुलह का दबाव, घर में घुसकर मारपीट का आरोप
गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के वटवा फत्तेपुर गांव में पुराने मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने के लिए घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
महिला और पुत्री से मारपीट का आरोप
गांव निवासी नन्दलाल यादव पुत्र स्वर्गीय नारायण यादव के अनुसार गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश को लेकर उनसे विवाद रखते हैं। तहरीर के मुताबिक 13 सितंबर की शाम करीब छह बजे विशाल यादव, कमला यादव, रामप्रवेश, कंदक फूल, रामआशीष यादव, सत्यप्रकाश यादव समेत कुछ लोग एकजुट होकर उनके घर में घुस आए।
सुलह नहीं करने पर हत्या की धमकी
आरोप है कि घर में घुसने का विरोध करने पर आरोपियों ने नन्दलाल यादव की पत्नी और पुत्री के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद पुराने मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाया गया। सुलह नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों के पहुंचने पर भागे आरोपी
शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। आरोप है कि लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है।
पुलिस से सुरक्षा की गुहार
नन्दलाल यादव ने 14 सितंबर को नोनहरा थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
