चन्दौली
सकलडीहा इंटर कॉलेज मैदान में महीनों जमा रहता है पानी
जलभराव से खेल गतिविधियां ठप, खिलाड़ियों और छात्रों में आक्रोश
सकलडीहा। तहसील और ब्लॉक मुख्यालय का सबसे बड़ा खेल मैदान वर्षों से जल निकासी की समस्या से जूझ रहा है। सकलडीहा इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बरसात का पानी महीनों तक जमा रहने से खिलाड़ियों, एनसीसी, स्काउट-गाइड, एनएसएस के छात्रों और सुबह टहलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यह मैदान सकलडीहा इंटर कॉलेज के साथ पीजी कॉलेज के लिए भी प्रमुख खेल मैदान है। यहां जनपद और प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है। इसी मैदान से कई खिलाड़ियों ने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इसके अलावा मैदान पर चुनावी सभाएं भी आयोजित होती रही हैं। यहां प्रियंका गांधी, राजनाथ सिंह, लालू यादव, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव जैसे बड़े नेता सभाएं कर चुके हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश होते ही पूरा मैदान पानी और घास-फूस से पट जाता है। इससे खेलकूद के साथ अन्य गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। जलभराव का असर आसपास के डायट, पीजी कॉलेज, एलटी कॉलेज, परिषदीय विद्यालय और तहसील परिसर तक दिखाई देता है।
बताया जाता है कि तत्कालीन जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने डीसी मनरेगा समेत अन्य अधिकारियों को नाला निर्माण कर जल निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
जल निकासी की व्यवस्था न होने से खिलाड़ियों, छात्रों और स्थानीय लोगों में विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी है। लोगों ने मैदान से जल निकासी के लिए जल्द स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
