आजमगढ़
25 सितंबर तक मिलेगा मुफ्त राशन और चीनी
अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो खाद्यान्न, पात्र गृहस्थी को प्रति यूनिट 5 किलो
आजमगढ़। जिला पूर्ति अधिकारी रामेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत सितंबर 2026 का निःशुल्क खाद्यान्न वितरण 10 से 25 सितंबर तक ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीनों से कराया जा रहा है। इस दौरान अंत्योदय कार्डधारकों को जुलाई, अगस्त और सितंबर की चीनी भी दी जाएगी।
अंत्योदय को 35 किलो राशन
अंत्योदय कार्ड पर 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल, कुल 35 किलो खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा। पात्र गृहस्थी कार्ड से जुड़े प्रत्येक सदस्य को एक किलो गेहूं और चार किलो चावल, कुल पांच किलो खाद्यान्न दिया जाएगा।
18 रुपये किलो मिलेगी चीनी
अंत्योदय कार्डधारकों को तीन माह के लिए तीन किलो चीनी 18 रुपये प्रति किलो की दर से कुल 54 रुपये में मिलेगी। चीनी के लिए पोर्टेबिलिटी की सुविधा नहीं होगी। लाभार्थी अपनी मूल उचित दर दुकान से ही चीनी ले सकेंगे। खाद्यान्न वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
25 सितंबर को आधार प्रमाणीकरण से राशन न ले पाने वाले लाभार्थियों को मोबाइल ओटीपी के जरिए वितरण की सुविधा मिलेगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने कोटेदारों को निर्धारित मात्रा में राशन व चीनी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
