वाराणसी
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने राजस्व कर्मचारियों को लगाई फटकार
117 शिकायतें आईं, 12 का मौके पर निस्तारण; लंबित मामलों को एक सप्ताह में सुलझाने के निर्देश
पिंडरा (वाराणसी)। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सतेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 117 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सुनवाई के दौरान भूमि विवाद और सीमांकन के मामलों में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को फटकार लगाई।
आठ साल पुराने आदेश के बावजूद कब्जा न मिलने पर जताई नाराजगी
राजपुर निवासी ऊदल पटेल ने शिकायत की कि उनके पिता की पैतृक भूमि फर्जीवाड़े के जरिए अन्य लोगों के नाम दर्ज कर दी गई थी। फर्जी बैनामा निरस्त होने और वर्ष 2018 में एसडीएम न्यायालय द्वारा आदेश पारित किए जाने के बावजूद आज तक उन्हें भूमि पर कब्जा नहीं मिल सका। इस पर जिलाधिकारी ने कानूनगो को कड़ी फटकार लगाते हुए संबंधित आराजी पर तत्काल कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।
प्रदूषण, अवैध कब्जा और पेंशन अनियमितता के मामले भी उठे
करखियाव गांव के अधिवक्ता अश्वनी सिंह राजपूत ने एयरपोर्ट विस्तार कार्य के दौरान सड़क पर मिट्टी गिरने, प्रदूषण फैलने और दुर्घटनाओं की आशंका का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पिंडरा तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतराज माथुर ने तहसील परिसर में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और मुख्य द्वार पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा अजईपुर ग्राम पंचायत में वृद्धावस्था पेंशन के कथित दुरुपयोग, रामपुर गांव में सरकारी चकमार्ग पर अवैध कब्जा तथा फत्तेपुर गांव के सार्वजनिक कुएं को अतिक्रमण से मुक्त कराने संबंधी शिकायतें भी सामने आईं, जिन पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से लेखपालों को सीमांकन एवं भूमि विवाद के मामलों में पारदर्शिता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
समाधान दिवस में एसडीएम कुंदन राज कपूर, डीसीपी नीतू कादयान, तहसीलदार नेहा राजवंशी, एसीपी प्रशांत कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, कुलवंत सिंह, श्वेता पटेल, प्राची केशरवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
