वाराणसी
बरसात में बीमारियों की रोकथाम को लेकर वार्ड-39 में विशेष अभियान
कई कॉलोनियों में एंटी लार्वा का छिड़काव, सफाई अभियान चलाकर लोगों को किया गया जागरूक
वाराणसी। बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित मच्छरजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए वार्ड संख्या-39 (सुसुवाही) में विशेष स्वच्छता एवं एंटी लार्वा छिड़काव अभियान चलाया गया। अभियान के तहत भगवती नगर कॉलोनी, गणेश पुरी कॉलोनी, शिवपुरी कॉलोनी और कामनी विहार कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। साथ ही नालियों की सफाई कर जलभराव वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया।
वार्ड-39 के पार्षद सुरेश कुमार पटेल (गुड्डू पटेल) ने बताया कि बरसात के मौसम में मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए नगर निगम के सहयोग से पूरे वार्ड में नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है तथा मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने के लिए एंटी लार्वा दवा का लगातार छिड़काव कराया जा रहा है।
जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर
पार्षद ने बताया कि सफाई कर्मियों को नालियों की नियमित सफाई, जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर वहां तत्काल एंटी लार्वा का छिड़काव कराने तथा कूड़ा-करकट का समय पर उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को भी घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
जनसहभागिता से बनेगा स्वच्छ और स्वस्थ वार्ड
पार्षद सुरेश कुमार पटेल ने कहा कि नगर निगम और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से पूरे वार्ड को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में सफाई या एंटी लार्वा छिड़काव की आवश्यकता हो तो सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई कराई जाएगी। साथ ही क्षेत्रवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की, ताकि डेंगू सहित अन्य मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
