वाराणसी
19 जुलाई को सजेगा शिवपुर का ऐतिहासिक रथयात्रा मेला
भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की निकलेगी भव्य रथयात्रा, देर रात तक चलेगा धार्मिक मेला
वाराणसी। शिवपुर का ऐतिहासिक एवं अतिप्राचीन रथयात्रा मेला इस वर्ष 19 जुलाई को परंपरागत श्रद्धा, आस्था और भव्यता के साथ आयोजित होगा। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा भव्य रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे तथा श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और रथयात्रा मेला समिति ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
रथयात्रा मेला समिति के संरक्षक एवं व्यवस्थापक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘डीडी’ ने बताया कि 19 जुलाई को शाम 5 बजे पुरानी चुंगी स्थित गणेश भगवान मंदिर में महाआरती के उपरांत भगवान के विग्रहों को विधि-विधान के साथ रथ पर विराजमान कराया जाएगा। इसके बाद भव्य रथयात्रा के साथ मेले का शुभारंभ होगा, जो रात 12 बजे तक चलेगा। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

बैठक में तैयारियों की हुई समीक्षा
रथयात्रा मेला समिति की बैठक अध्यक्ष रामश्री मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें आयोजन की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में संरक्षक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘डीडी’ सहित अनिल मौर्य, गुलाब मौर्य, दिनेश कुमार, राजेश पंजाबी, डॉ. अशोक कुमार सिंह, आदित्य मौर्य, जितेंद्र नाथ मिश्रा, जयचंद्र सोनकर, राजेश कुमार गुप्ता, गौरव कुमार सिंह, आशुतोष कुमार श्रीवास्तव, नारायण केसरी, पवन कुमार सिंह, विवेक कुमार सराफ, विकास चंद्र सिंह, विनोद मिश्रा, अनिल कुमार मिश्रा, आर.एन. सिंह, त्रिलोकी सेठ, रोहित मौर्य, मुरारी लाल गुप्ता, प्रो. कमलेश झा, अविनाश सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
समिति ने सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन एवं स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से मेले में सहभागिता करने की अपील की है। रथयात्रा को लेकर पूरे शिवपुर क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
