गोरखपुर
गीडा में 350 करोड़ का निवेश, फिश फीड फैक्ट्री की तैयारी
15 एकड़ जमीन की मांग, 500 लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार; कर्मचारियों के लिए 500 फ्लैट की टाउनशिप भी प्रस्तावित
गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। आंध्र प्रदेश की दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में करीब 350 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक फिश फीड फैक्ट्री स्थापित करने की तैयारी में है। कंपनी ने परियोजना के लिए गीडा से करीब 15 एकड़ जमीन की मांग की है।
पूर्वांचल के मत्स्य कारोबार को मिलेगा आधार
गोरखपुर और पूर्वांचल में मत्स्य पालन का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। मछली पालकों के लिए गुणवत्तापूर्ण फिश फीड की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर फिश फीड का उत्पादन शुरू होने से मत्स्य पालन से जुड़े कारोबार को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उत्तर भारत तक होगी सप्लाई
प्रस्तावित इकाई में किंगफिश ब्रांड के फिश फीड का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी की योजना उत्तर प्रदेश के साथ उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में उत्पाद की आपूर्ति करने की है।
500 लोगों को मिलेगा रोजगार
परियोजना से करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए 500 फ्लैटों की टाउनशिप विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है। इससे गीडा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार और आवास के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।
