खेल
CSK vs MI : सैमसन के शतक से चमकी चेन्नई, मुंबई 104 पर ऑलआउट
मुंबई। चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को आईपीएल (IPL) के मुकाबले में 103 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए। जवाब में मुंबई की पूरी टीम 19 ओवर में 104 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

इस मुकाबले में Sanju Samson ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और छह छक्के शामिल रहे। उनके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 21 रन, कार्तिक शर्मा ने 18 रन और जेमी ओवरटन ने 15 रन का योगदान दिया। कप्तान Ruturaj Gaikwad 14 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सरफराज खान ने आठ गेंदों में 14 रन बनाए और शिवम दुबे पांच रन ही बना सके। मुंबई की ओर से अल्लाह गजनफर और अश्वनी कुमार ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर को एक-एक सफलता मिली।

208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Mumbai Indians की शुरुआत बेहद खराब रही। दानिश मालेवार और नमन धीर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि क्विंटन डी कॉक सात रन ही बना सके। शुरुआती झटकों के बाद Suryakumar Yadav और Tilak Varma ने चौथे विकेट के लिए 73 रन जोड़कर पारी संभालने का प्रयास किया। तिलक वर्मा ने 29 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों में 36 रन की पारी खेली।

इसके बाद कप्तान Hardik Pandya सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। शेरफेन रदरफोर्ड पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे, कृष भगत 15 गेंदों में सात रन ही बना सके और जसप्रीत बुमराह दो रन बनाकर आउट हुए। पूरी टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 104 रन पर सिमट गई।
Chennai Super Kings की ओर से Akeal Hosein ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 17 रन देकर चार विकेट लिए। Noor Ahmad ने 24 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन और गुरजपनीत सिंह को एक-एक सफलता मिली।

यह जीत चेन्नई की मुंबई के खिलाफ रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत रही। साथ ही आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड भी चेन्नई के नाम हो गया। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 40 मैचों में चेन्नई की यह 19वीं जीत है। इस मामले में पंजाब किंग्स 18 जीत के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 17, आरसीबी 16 और राजस्थान रॉयल्स 15 जीत के साथ क्रमशः अगले स्थानों पर हैं।

रनों के अंतर से यह मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी हार भी साबित हुई। इससे पहले टीम 2013 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 87 रनों से हारी थी। वहीं, वानखेड़े स्टेडियम में भी यह मुंबई की सबसे बड़ी हार रही, इससे पहले यहां आरसीबी के खिलाफ उसे 39 रनों से हार झेलनी पड़ी थी।

इस मुकाबले के बाद अंक तालिका में भी बदलाव हुआ है। चेन्नई सात मैचों में तीन जीत के साथ छह अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई है और उसका नेट रन रेट +0.118 हो गया है। वहीं, मुंबई सात में से पांच मैच हारकर आठवें स्थान पर खिसक गई है और उसका नेट रन रेट -0.736 है, जबकि शीर्ष स्थान पर पंजाब किंग्स बनी हुई है।
