Connect with us

खेल

PBKS vs GT : कोनोली के तूफान में उड़ा गुजरात, पंजाब किंग्स ने तीन विकेट से दर्ज की रोमांचक जीत

Published

on

Loading...
Loading...

नई दिल्ली। मुल्लांपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को रोमांचक मैच में तीन विकेट से हराकर अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत की। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने वाली पंजाब की टीम ने गुजरात को 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन तक सीमित रखा। जवाब में पंजाब ने 19.1 ओवर में सात विकेट खोकर 165 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

गुजरात टाइटंस की शुरुआत सधी हुई रही, जहां साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने टीम को मजबूत आधार दिया। सुदर्शन 13 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 27 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 39 रन बनाए। जोस बटलर ने भी अहम योगदान देते हुए 33 गेंदों पर 38 रन बनाए। इसके अलावा ग्लेन फिलिप्स ने 25 और वाशिंगटन सुंदर ने 18 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में टीम लय बरकरार नहीं रख सकी और निर्धारित 20 ओवर में 162 रन ही बना सकी। पंजाब की ओर से विजयकुमार विशाक ने तीन विकेट झटके, जबकि युजवेंद्र चहल को दो और मार्को यानसेन को एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत आक्रामक रही, लेकिन टीम को बीच के ओवरों में लगातार झटके लगे। प्रभसिमरन सिंह ने 24 गेंदों पर 37 रन की उपयोगी पारी खेली और कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। इसके बाद पंजाब की पारी लड़खड़ा गई और 118 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम पांच विकेट गंवा चुकी थी। प्रसिद्ध कृष्णा ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मैच में गुजरात की वापसी कराई।

Advertisement

कप्तान श्रेयस अय्यर भी 11 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नेहाल वढेरा और शशांक सिंह ज्यादा योगदान नहीं दे सके। अंतिम चरण में जब मैच फंसता नजर आ रहा था, तब आईपीएल में पदार्पण कर रहे कूपर कोनोली ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उनके इस अर्धशतक ने पंजाब को जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।

गुजरात की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट लिए, जबकि कगिसो रबादा, राशिद खान, वाशिंगटन सुंदर और अशोक शर्मा को एक-एक सफलता मिली। अशोक शर्मा ने इस मुकाबले में अपना पहला आईपीएल विकेट हासिल किया।

इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में विजयी शुरुआत की, जबकि गुजरात टाइटंस को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page