वायरल
केके बिश्नोई बने अंशिका वर्मा के जीवनसाथी, पारंपरिक अंदाज में रचाया विवाह
जोधपुर। उत्तर प्रदेश कैडर के दो प्रतिभाशाली आईपीएस अधिकारियों कृष्ण कुमार बिश्नोई और अंशिका वर्मा विवाह सूत्र में बंध गए। जोधपुर के एक होटल में आयोजित यह विवाह समारोह पारंपरिक और भावनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसकी चर्चा राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश तक रही।
आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई (Krishan Kumar Bishnoi) और अंशिका वर्मा (Anshika Verma) का विवाह जोधपुर के अजीत भवन में रविवार को धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। सर्किट हाउस से बैंड-बाजे के साथ निकली बारात का अजीत भवन पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। विवाह के उपरांत जोधपुर के लहरिया रिसोर्ट में भव्य रिसेप्शन आयोजित होना है।
वरमाला समारोह के दौरान एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब किशन कुमार बिश्नोई घुटनों पर बैठ गए और अंशिका वर्मा ने उन्हें वरमाला पहनाया। समारोह के दौरान बिश्नोई ने हाथ जोड़कर सभी अतिथियों का अभिवादन किया। इसी बीच “ओ री सखी मंगल गाओ री…” गीत की धुन पर पूरा माहौल पारंपरिक रंग में रंग गया और अतिथि झूम उठे। कार्यक्रम में कैलाश खेर के गीतों ने भी वातावरण को भावपूर्ण बना दिया, जिस पर मेहमानों ने नृत्य कर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

किशन कुमार बिश्नोई वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में संभल जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं, जबकि अंशिका वर्मा वर्ष 2021 बैच की अधिकारी हैं और बरेली के दक्षिण क्षेत्र में एसपी के रूप में कार्यरत हैं। दोनों की मुलाकात गोरखपुर में हुई थी, जो समय के साथ मित्रता से आगे बढ़कर प्रेम में परिवर्तित हुई। बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना निवासी बिश्नोई अपनी साधारण पृष्ठभूमि और मेहनत के लिए भी पहचाने जाते हैं।
इस विवाह को युवा आईपीएस अधिकारियों के बीच एक आदर्श जोड़ी के रूप में देखा जा रहा है। समारोह में दोनों परिवारों के अलावा कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पुलिस विभाग के उच्च पदाधिकारी भी शामिल हुए।
