Connect with us

वाराणसी

चार रंगों के डस्टबिन से होगा कूड़ा निस्तारण, नगर निगम ने शुरू किया सेग्रिगेशन अभियान

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के उद्देश्य से नगर निगम वाराणसी ने कूड़ा पृथक्कीकरण को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में चार अलग-अलग श्रेणियों के डस्टबिन और जागरूकता स्टिकर वितरित किए जाएंगे, ताकि घरों से ही कचरे का शत-प्रतिशत पृथक्कीकरण सुनिश्चित किया जा सके।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर निगम का लक्ष्य है कि ‘सोर्स सेग्रिगेशन’ यानी घर से ही कचरा अलग-अलग श्रेणियों में निकलकर आए। इसी उद्देश्य से घरों के बाहर जागरूकता स्टिकर भी लगाए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को कूड़ा पृथक्कीकरण के लिए प्रेरित किया जा सके। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जो नागरिक इस व्यवस्था का पालन करेंगे, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए, जबकि नियमों का पालन न करने वालों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए।

Loading...

इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि प्रत्येक वार्ड के लिए चार रंगों के कूड़ेदान जारी किए जाएं। अभियान के पहले चरण में हर वार्ड से कम से कम 30 ऐसे भवन स्वामियों की पहचान की जाएगी जो कूड़ा पृथक्कीकरण का पूरी तरह पालन कर रहे हैं या इसके लिए तैयार हैं। इन नागरिकों को मॉडल के रूप में चार प्रकार के डस्टबिन और जागरूकता स्टिकर प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि अन्य लोग भी इससे प्रेरित हो सकें।

अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि कूड़ा प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि डस्टबिन वितरण और स्टिकर लगाए जाने की फोटो साक्ष्य सहित रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई जाए। इस कार्य की निगरानी के लिए व्हाट्सएप ग्रुप और निर्धारित प्रारूप के माध्यम से रिपोर्टिंग की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे वार्डों में जाकर नागरिकों को गीले, सूखे और हानिकारक कचरे को अलग-अलग रखने के प्रति सीधे तौर पर जागरूक करें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page