गाजीपुर
ट्रेन से भारी मात्रा में शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
दिलदारनगर (गाजीपुर) जयदेश। दानापुर मंडल अंतर्गत पूर्व मध्य रेल के दिलदारनगर पोस्ट क्षेत्र में ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत रेल सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन से बिहार ले जाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। यह कार्रवाई बीती रात गाड़ी संख्या 22971 डाउन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त ट्रेन में शराब तस्कर बड़ी खेप लेकर बिहार जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एससीएनएल/दानापुर के माध्यम से ट्रेन का ठहराव दिलदारनगर स्टेशन पर कराया गया। ट्रेन रात 11:32 बजे प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची। इसके बाद निरीक्षक प्रभारी रेसुब, दिलदारनगर जी.एस. राणा के नेतृत्व में रेसुब स्टाफ एवं जीआरपी स्टाफ द्वारा चेकिंग की गई। जांच के दौरान ट्रेन के आगे के साधारण कोच में दो युवक अपने-अपने पिट्ठू बैग में अंग्रेजी शराब ले जाते पाए गए। दोनों को 11:45 बजे प्लेटफार्म संख्या दो पर ट्रेन से उतारकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रयागराज छिवकी से शराब खरीदकर अपने घर बिहार ले जा रहे थे, जहां ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की योजना थी। मौके पर बीएनएसएस के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई करते हुए उनके कब्जे से शराब जब्त की गई।
पहले आरोपी दीपक कुमार उम्र 20 वर्ष, पिता अवधेश कुमार, निवासी बख्तियारपुर, थाना बख्तियारपुर, जिला पटना (बिहार) के पास से काले रंग के पिट्ठू बैग में 750 एमएल धारिता की ओल्ड मोंक रम की पांच बोतलें, प्रत्येक की कीमत 600 रुपये, तथा 180 एमएल धारिता की इम्पीरियल ब्लू की 14 बोतलें, प्रत्येक की कीमत 85 रुपये, कुल 6.270 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत 4190 रुपये आंकी गई।
दूसरे आरोपी चंदन कुमार उम्र 18 वर्ष, पिता दिनेश कुमार, निवासी बौरीचक, थाना मसौढ़ी, जिला पटना (बिहार) के पास से सफेद-काले पिट्ठू बैग में 180 एमएल धारिता की आफ्टर डार्क की 20 बोतलें, प्रत्येक की कीमत 150 रुपये, तथा 180 एमएल धारिता की ऑफिसर चॉइस की 15 बोतलें, प्रत्येक की कीमत 120 रुपये, कुल 6.300 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत 4800 रुपये बताई गई।
इस प्रकार कुल 12.570 लीटर अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल कीमत 8990 रुपये है, जब्त की गई। उल्लेखनीय है कि ट्रेन से अंग्रेजी शराब ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। साथ ही यह ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण ट्रेन में आग लगने और यात्रियों की जान-माल को नुकसान पहुंचने की प्रबल संभावना रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उप निरीक्षक राजीव कुमार द्वारा 28 जनवरी 2026 को रात 00.35 बजे दिलदारनगर स्टेशन प्लेटफार्म संख्या दो पर जप्ती सूची तैयार कर शराब को विधिवत जब्त किया गया।
अभियान में निरीक्षक प्रभारी जी.एस. राणा, उप निरीक्षक राजीव कुमार, सहायक उप निरीक्षक आर.के.आर. शर्मा, प्रधान आरक्षी अंजनी कुमार गुप्ता, आरक्षी हरिशंकर सिंह सहित रेसुब पोस्ट दिलदारनगर के कर्मचारी तथा जीआरपी दिलदारनगर के तीन कर्मी शामिल रहे।
मामले में उप निरीक्षक राजीव कुमार द्वारा निरीक्षक प्रभारी को लिखित शिकायत पत्र सौंपा गया, जिसके आधार पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट दिलदारनगर पर गिरफ्तार दोनों शराब तस्करों के विरुद्ध क्रमशः मुकदमा अपराध संख्या 189/26 एवं 190/26 दिनांक 28 जनवरी 2026 को रेल अधिनियम की धारा 164 और 145 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
