गाजीपुर
सिधौना में खूंखार सांड का होगा रेस्क्यू, मंत्री के निर्देश पर प्रशासन हरकत में
दर्जनभर लोगों को घायल कर चुका है सांड, शनिवार को गौशाला भेजने की तैयारी
सैदपुर (गाजीपुर)। सिधौना गांव में लंबे समय से आतंक का पर्याय बने खूंखार सांड को सुरक्षित रेस्क्यू कर गौशाला भेजने की तैयारी शुरू हो गई है। ग्रामीणों की शिकायत पर आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालू’ के निर्देश के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
मंत्री के निर्देश पर एसडीएम सैदपुर ज्योति चौरसिया ने एडीओ पंचायत रमेश चंद्र सिंह, एपीओ मनीष सिंह, सचिव मुकेश सिंह और ग्राम पंचायत सचिव भूपेंद्र सिंह को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया।

ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि खूंखार सांड अब तक करीब दर्जनभर लोगों को घायल कर चुका है, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल है। लोगों की सुरक्षा के लिए ग्रामीणों ने सांड को पकड़कर गांव के पोखरे के पास बांध रखा है।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने निर्णय लिया कि सांड का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे रामपुर गौशाला भेजा जाएगा। हालांकि उपयुक्त वाहन उपलब्ध न होने के कारण शुक्रवार को अभियान पूरा नहीं हो सका। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शनिवार को वाहन की व्यवस्था कर रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा और सांड को गौशाला भेज दिया जाएगा।
रेस्क्यू होने तक सांड के चारा-पानी और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सफाईकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी सहयोग बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान एडीओ पंचायत रमेश चंद्र सिंह, एपीओ मनीष सिंह, सचिव मुकेश सिंह, ग्राम पंचायत सचिव भूपेंद्र सिंह, करुणाशंकर मिश्र, अखिलेश मिश्र, अनिमेष मिश्र, प्रधान प्रतिनिधि दिलीप सिंह, गोलू गोंड, टोनू सिंह, अजय मिश्र, कल्लू, पंचायत सहायक कन्हैया कुमार, तूफानी मिश्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए जल्द रेस्क्यू अभियान पूरा होने की उम्मीद जताई।
