Connect with us

गाजीपुर

सर्वाइकल कैंसर से बचाव को 15 छात्राओं को लगा एचपीवी टीका

Published

on

Loading...
Loading...

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सादात में लगा शिविर, छात्राओं को टीकाकरण के महत्व की दी जानकारी

सादात (गाजीपुर)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सादात में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 15 छात्राओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से चलाए जा रहे जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य पात्र किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण से जोड़ने के साथ सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को एचपीवी टीके के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण बनने वाले ह्यूमन पैपिलोमावायरस के संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने पात्र किशोरियों का निर्धारित समय पर टीकाकरण कराने पर जोर दिया।

ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सोनल श्रीवास्तव ने अभिभावकों से टीकाकरण अभियान के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर टीकाकरण महत्वपूर्ण है। पात्र बालिकाओं के अभिभावकों को बिना किसी भ्रम के स्वास्थ्य विभाग से जानकारी लेकर टीकाकरण कराना चाहिए।

Advertisement

इस अवसर पर सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज सिंह, बीपीएम सोनल श्रीवास्तव, विद्यालय की वार्डेन सरिता गुप्ता, प्रज्ञा सिंह, सरिता कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम, विद्यालय स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page