गाजीपुर
सगाई की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, हादसे में युवक की मौत
कठवामोड़ पुल के पास साइकिल सवार को बचाने में बिगड़ा संतुलन, मौके पर ही तोड़ा दम; परिवार में मचा कोहराम
गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी करीब 30 वर्षीय रवि ठाकुर की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने घर से कठवामोड़ पुल स्थित महादेव मंदिर की ओर जा रहे थे। परिवार में उनके बुआ के बेटे की सगाई होने वाली थी और इसी खुशी में शामिल होने के लिए रवि दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे। हादसे की खबर मिलते ही सगाई की खुशियां मातम में बदल गईं।
साइकिल सवार को बचाने में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार रवि कठवामोड़ पुल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में रवि का वाहन अनियंत्रित हो गया और वह सड़क पर गिर पड़े। हादसा इतना गंभीर था कि रवि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कठवामोड़ चौकी इंचार्ज अविनाश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
रवि ठाकुर की अचानक मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। जिस परिवार में सगाई समारोह को लेकर खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। गांव में भी घटना की जानकारी फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने हादसे पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
