गोरखपुर
ग्राम पंचायत खजुरी में योजना के कार्यों पर उठे सवाल
साथा ब्लॉक में करीब 57 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज होने का दावा, ग्रामीणों ने धरातल पर काम नहीं होने का लगाया आरोप
संतकबीरनगर। साथा विकासखंड की ग्राम पंचायत खजुरी में बीवीजी रामजी योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितता के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है, लेकिन मौके पर काम होता दिखाई नहीं दे रहा है। मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
दो कार्यों में मजदूरों की उपस्थिति का दावा
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खजुरी में सोहसैया गढ़ई की खुदाई एवं सफाई तथा प्राथमिक विद्यालय के पास सीसी रोड के दोनों तरफ पटरी पर मिट्टी पटाई और सफाई का कार्य प्रस्तावित है। आरोप है कि दोनों कार्यों में कुल करीब 57 मजदूरों की प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर अपेक्षित संख्या में मजदूर दिखाई नहीं दे रहे हैं और कार्य भी नहीं कराया जा रहा है।
डिस्प्ले बोर्ड नहीं होने पर उठे सवाल
मामले की जानकारी मिलने पर मीडियाकर्मी ग्राम पंचायत खजुरी पहुंचे। मौके पर योजना से संबंधित डिस्प्ले बोर्ड नहीं लगा होने की बात सामने आई। इसके बाद ग्रामीणों से जानकारी लेकर संबंधित कार्यस्थल का निरीक्षण किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कागजों में मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कर योजना की धनराशि के दुरुपयोग की तैयारी की जा रही है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत स्तर पर योजना के कार्यों, मजदूरों की उपस्थिति और भुगतान की जांच कराने की मांग की है। साथ ही कार्यस्थल का स्थलीय सत्यापन कर अभिलेखों में दर्ज उपस्थिति का मिलान कराने की मांग की गई है। आरोपों की स्वतंत्र जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि योजना के तहत वास्तव में कितना कार्य हुआ और मजदूरों की उपस्थिति के संबंध में दर्ज आंकड़े वास्तविक हैं या नहीं।
जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना है, इसलिए कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। अब ग्रामीणों की नजर विकास विभाग की जांच और अधिकारियों की आगामी कार्रवाई पर है।
