गाजीपुर
महिला आयोग उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने महिलाओं से किया संवाद
योजनाओं की जानी हकीकत
दो महिलाओं की हुई गोदभराई, शिशुओं का कराया अन्नप्राशन; पात्र महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश
गाजीपुर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत छावनी लाइन प्रसादपुर स्थित जन सेवा केंद्र पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने महिलाओं एवं बच्चों से संवाद किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र महिला योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने दो महिलाओं की गोदभराई कराई। इसके साथ ही शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। उन्होंने बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

चारु चौधरी ने ग्रामीण महिलाओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है या नहीं। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन और निराश्रित महिला पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र होने के बावजूद जिन महिलाओं को अभी तक किसी योजना का लाभ नहीं मिला है, उनके मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी सशक्तीकरण के लिए सरकार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इनका लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी महिला आयोग उपाध्यक्ष के समक्ष रखे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी/जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी, वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा कार्यकर्त्रियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
