बड़ी खबरें
संसद के मानसून सत्र के आज आखिरी दिन
लोकसभा में नहीं हुआ कोई काम, वंदे मातरम् के गायन के बाद कार्यवाही खत्म; राज्यसभा में खान-खनिज संशोधन विधेयक पारित
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी रहा। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। सदन में कोई विधायी कामकाज नहीं हुआ। लोकसभा अध्यक्ष के सदन में पहुंचते ही सदस्यों से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान में खड़े होने की अपील की गई। इसके बाद सदन में वंदे मातरम् का गायन हुआ और कार्यवाही समाप्त कर दी गई।
स्थगन के बाद भी विपक्ष का प्रदर्शन
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद भी विपक्षी सांसदों का विरोध जारी रहा। समाजवादी पार्टी के सांसदों ने राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ सांसद कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब भगवान हनुमान ही भगवान राम के चंदे की सुरक्षा कर सकते हैं।
कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने सरकार पर सदन चलाने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बातचीत से ही सदन चल सकता है, लेकिन सरकार ने विपक्ष के साथ संवाद का रास्ता नहीं अपनाया।
राज्यसभा में हंगामे के बीच विधेयक पारित
राज्यसभा में भी विपक्षी सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा किया। इसके बावजूद सरकार ने खान और खनिज संशोधन विधेयक पारित करा लिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी में भाजपा नेताओं द्वारा कथित ‘शुद्धिकरण हवन’ किए जाने का मुद्दा उठाते हुए इसे लोकतंत्र और देश के लिए ठीक नहीं बताया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी घटना की निंदा करते हुए जांच की बात कही।
दोनों सदनों में सीमित कामकाज
मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में कुल 37 घंटे 49 मिनट काम हुआ और 12 विधेयकों पर चर्चा एवं उन्हें पारित किया गया। लोकसभा में 11 विधेयक पेश या पारित किए गए। इनमें सुप्रीम कोर्ट संशोधन विधेयक, सार्वजनिक परीक्षा संशोधन विधेयक, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण संशोधन विधेयक और केरल का नाम बदलने संबंधी विधेयक शामिल रहे।
