Connect with us

जौनपुर

तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से छात्र की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

दूध लेने गए चचेरे भाइयों की स्कूटी में मारी टक्कर, कक्षा सात के छात्र ने अस्पताल में तोड़ा दम

जलालपुर (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बीबनमऊ गांव निवासी कक्षा सात के छात्र की शनिवार शाम अज्ञात बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार बीबनमऊ गांव निवासी विवेक निषाद पुत्र मुन्नालाल निषाद शनिवार शाम अपने चचेरे भाई सूरज निषाद (13) पुत्र करमचंद निषाद उर्फ कल्लू के साथ स्कूटी से जनहित विद्यालय एवं नेशनल हाईवे तिराहे के पास स्थित डेयरी पर दूध लेने गया था। दोनों ने स्कूटी सड़क किनारे खड़ी की थी। विवेक दूध लेने चला गया, जबकि सूरज स्कूटी को मोड़ने लगा।

बताया गया कि स्कूटी मोड़ते समय सूरज नेशनल हाईवे पर पहुंच गया। इसी दौरान जौनपुर की ओर से वाराणसी की तरफ तेज रफ्तार से जा रही अज्ञात बोलेरो ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सूरज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

विवेक की सूचना पर परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल सूरज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

Advertisement

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात बोलेरो और उसके चालक की तलाश में जुटी है। मामले की जांच की जा रही है।

सूरज तीन भाइयों में सबसे छोटा था और कक्षा सात में पढ़ता था। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां सरिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page