जौनपुर
गोदाम चौराहा बाजार में अधेड़ की सिर पर वार कर हत्या
जेवेलर्स की दुकान के बरामदे में मिला खून से लथपथ शव, ताला टूटने की घटना से भी जोड़कर जांच कर रही पुलिस
सिकरारा (जौनपुर)। सिकरारा थाना क्षेत्र के भभौरी गांव स्थित गोदाम चौराहा बाजार में सोमवार तड़के एक अधेड़ की सिर पर वार कर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। विंध्यवासिनी जेवेलर्स की दुकान के बरामदे में खून से लथपथ शव मिलने के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी और आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) के रूप में हुई है। बताया गया कि उदयराज करीब 15 वर्षों से गोदाम चौराहा बाजार में ही रहकर इधर-उधर घूमता था। रात में वह अक्सर विंध्यवासिनी जेवेलर्स की दुकान के सामने बने बरामदे में सो जाता था।
सोमवार भोर करीब तीन बजे बाजार के लोगों ने दुकान का ताला टूटा देखा। बरामदे में उदयराज का शव पड़ा था और सिर से काफी खून बह रहा था। आसपास खून के निशान तथा दुकान की दीवार पर भी खून के छींटे मिले। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर हत्या की गई है।
जिस दुकान के बरामदे में शव मिला, वह खपरहां गांव निवासी हिमांशु सेठ की बताई जा रही है। फिलहाल दुकान से किसी सामान की चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में ताला टूटने और हत्या के बीच क्या संबंध है, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अतिस कुमार, सीओ सदर सम्यक चौधरी और सिकरारा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
उदयराज चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो भाइयों अभयराज और छविराज यादव की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई दीपराज मुंबई में रहता है। हत्या की जानकारी मिलते ही मां उभयराजी देवी उर्फ भुटका, भाभी अनीता समेत परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल है।
