जौनपुर
कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर कर रही प्रहार: डॉ. अजय सिंह
सेवा संकल्प अभियान के तहत पौधरोपण के बाद हुई प्रेस कांफ्रेंस, चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर विपक्ष पर लगाए आरोप
मड़ियाहूं (जौनपुर)। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को दूधनाथ सिंह महाविद्यालय परिसर में भाजपा मछलीशहर के प्रभारी दिनेश मौर्य और जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पौधरोपण किया गया। इसके बाद संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। इसमें जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
डॉ. अजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों पर लगाए जा रहे आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ रही है। उन्होंने कहा कि कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर विपक्ष की ओर से भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्तों द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए निर्णयों पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उनके अनुसार चुनाव आयोग द्वारा कैबिनेट सचिव को लिखा गया पत्र चुनाव प्रक्रिया से संबंधित नहीं था। उन्होंने यह भी दावा किया कि फॉर्म-6 को सुप्रीम कोर्ट पहले ही वैध ठहरा चुका है।
डॉ. सिंह ने कहा कि देशभर में संचालित एसआईआर से संबंधित निर्णय चुनाव आयोग ने सर्वसम्मति से लिए हैं। ईवीएम को लेकर विपक्ष के आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग की ओर से ईवीएम को हैक करके दिखाने की चुनौती दी गई थी, तब आरोप लगाने वाले लोग सामने नहीं आए।
उन्होंने राफेल सौदे और सर्जिकल स्ट्राइक से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया और विपक्ष पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व विधायक सुषमा पटेल, चंद्र प्रकाश सिंह पप्पू, राजेश जायसवाल, चंदन केसरी, नितेश सेठ, रोहित जायसवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
