Connect with us

जौनपुर

81 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुआ आंगन मिलन सेवा, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में दिखा उत्साह

Published

on

Loading...
Loading...

मियांपुर केंद्र पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बच्चों को किया पुरस्कृत, अभिभावकों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 81 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ (हेल्दी बेबी प्रतियोगिता) का आयोजन किया गया। मियांपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश सरकार गिरीश चंद्र यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों समेत करीब 100 लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और शारीरिक विकास के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना रहा। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों के संतुलित खान-पान, साफ-सफाई, नियमित देखभाल और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।

संतुलित पोषण से समग्र विकास पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं समग्र विकास के लिए संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता और उचित देखभाल जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के साथ गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ परिवारों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कुपोषण की रोकथाम में परिवार और समाज की सक्रिय सहभागिता भी जरूरी है। अभिभावकों को बच्चों के खान-पान और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का लाभ उठाना चाहिए।

Advertisement

प्रभात प्रथम, आदवीक द्वितीय और स्मिता तृतीय

हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में प्रभात ने प्रथम, आदवीक ने द्वितीय और स्मिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निधि, भव्या, आरती, गौरव समेत अन्य प्रतिभागी बच्चों को भी प्रोत्साहित किया गया। विजेता और प्रतिभागी बच्चों को राज्यमंत्री ने स्कूल बैग, वाटर बॉटल, लंच बॉक्स और पेंसिल बॉक्स आदि पुरस्कार प्रदान किए। विजेता बच्चों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। अभिभावकों को रेसिपी आधारित पौष्टिक एवं संतुलित आहार देने, बच्चों की स्वच्छता बनाए रखने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और अन्य प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page