जौनपुर
जौनपुर-बनारस हाईवे पर इंद्र रिजॉर्ट का शुभारंभ
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया उद्घाटन, अनुराग सिंह और नूपुर सिंह को मिली शुभकामनाएं
जौनपुर। जौनपुर-बनारस हाईवे पर नेवादा स्थित इंद्र रिजॉर्ट का शनिवार शाम प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, व्यवसायियों और बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहे। लोगों ने रिजॉर्ट के निदेशक अनुराग सिंह और नूपुर सिंह को शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन के बाद राज्यमंत्री ने रिजॉर्ट का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जौनपुर-बनारस हाईवे पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस तरह के प्रतिष्ठान की शुरुआत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जौनपुर में विकास की गतिविधियां बढ़ रही हैं और शादी-विवाह, पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाओं की जरूरत है।
कार्यक्रम में लायंस क्लब जौनपुर गोमती के अध्यक्ष सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’, सचिव लायन नवीन मिश्रा और कोषाध्यक्ष ऋषिदेव सहित क्लब के सदस्य मौजूद रहे। अध्यक्ष सैय्यद हसनैन कमर ने अनुराग सिंह और नूपुर सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह प्रतिष्ठान सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी स्थान उपलब्ध कराएगा।
अनुराग सिंह लायंस क्लब जौनपुर गोमती के सदस्य हैं, जबकि नूपुर सिंह क्लब में सह सचिव के पद पर कार्यरत हैं। दोनों के नए प्रतिष्ठान के शुभारंभ पर क्लब के सदस्यों ने उत्साह व्यक्त करते हुए इसकी सफलता और निरंतर प्रगति की कामना की।
रिजॉर्ट के निदेशक अनुराग सिंह और नूपुर सिंह ने समारोह में शामिल सभी अतिथियों एवं शुभचिंतकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रिजॉर्ट में आधुनिक एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। समारोह में मौजूद लोगों ने रिजॉर्ट की साज-सज्जा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं की सराहना की।
