Connect with us

जौनपुर

जौनपुर में भारी बारिश के बीच डीएम का रात्रि निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

जलभराव और गंदगी पर जताई नाराजगी, जर्जर भवनों पर नोटिस व ध्वस्तीकरण के निर्देश

जौनपुर। भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. शनिवार देर रात अधिकारियों के साथ शहर के निरीक्षण पर निकले। उन्होंने प्रमुख स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव, जल निकासी, गोमती नदी के जलस्तर, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। बारिश के दौरान जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, हनुमान मंदिर के समीप, पॉलिटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव, ओलन्दगंज स्थित राजा साहब की बिल्डिंग तथा गोमती नदी के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों की जानकारी लेते हुए नालों और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने को कहा।

जर्जर भवनों पर तत्काल कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शहर में स्थित जर्जर भवनों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को चिन्हित जर्जर भवनों के संबंध में तत्काल नोटिस जारी करने और नियमानुसार सुरक्षित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। जर्जर भवनों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी

रात्रि निरीक्षण के दौरान गोमती नदी का जलस्तर सामान्य पाया गया। हालांकि कुछ स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के प्रति नाराजगी जताई। आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए उन्होंने प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

Advertisement

आवारा पशुओं को पकड़ने के निर्देश

शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा पशुओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित कराने को कहा, ताकि बारिश के दौरान सड़कों पर दुर्घटनाओं की आशंका कम हो और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारी बारिश के दौरान किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page