वाराणसी
श्रीअन्न को बढ़ावा देने के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण
पिंडरा बीआरसी में कृषि व शिक्षा विभाग का संयुक्त कार्यक्रम, पोषण और स्वास्थ्य पर दिया गया विशेष जोर
प्रशिक्षित शिक्षक विद्यालयों में छात्रों और अभिभावकों को करेंगे मिलेट्स के प्रति जागरूक
पिंडरा, वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के श्रीअन्न (मिलेट्स) पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत बुधवार को विकास खंड पिंडरा स्थित बीआरसी सभागार में शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कृषि विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त समन्वय से आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को श्रीअन्न के पोषण महत्व और उपयोगिता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीअन्न पोषक तत्वों से भरपूर है और स्वस्थ जीवनशैली के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यालयों में बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी मिलेट्स के नियमित सेवन के लिए प्रेरित करें।
प्रशिक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी (कृषि) साहब सिंह यादव, सहायक विकास अधिकारी (पादप सुरक्षा) अजय कुमार सिंह तथा असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने श्रीअन्न के विभिन्न प्रकार, उसके पोषण मूल्य, स्वास्थ्य लाभ तथा दैनिक भोजन में उसके उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि मिलेट्स का नियमित सेवन कुपोषण दूर करने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रशिक्षण शिविर में विकास खंड पिंडरा के चयनित विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षक अब अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को श्रीअन्न के प्रति जागरूक करेंगे तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
