Connect with us

गोरखपुर

रास्ता और नाली विवाद पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, गोला तहसील में सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

गोलाबाजार (गोरखपुर)। विकास खंड गोला के ग्राम चंदौली में सड़क और जल निकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। मंगलवार को चंदौली के निषाद टोला के लोगों ने गोला तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि खंड विकास अधिकारी दिवाकर सिंह के निर्देश के बावजूद पुराने आरसीसी मार्ग के पुनर्निर्माण की चर्चा हो रही है, जबकि उनके टोले की मूलभूत समस्याएं अब भी अनदेखी हैं।

निषाद टोला निवासी प्रदीप निषाद ने बताया कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी उनके मोहल्ले के लोग बदहाल स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं। उनका कहना है कि टोले तक जाने वाला रास्ता अतिक्रमण की चपेट में है और नाले के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों की मांग पर चिल्लूपार विधायक द्वारा सीसी रोड निर्माण के लिए धन स्वीकृत किया गया था और गिट्टी भी गिराई गई, लेकिन मार्ग की न तो पैमाइश हुई और न ही मिट्टी भराई या खड़ंजा का कार्य कराया गया। ऐसे में सीसी रोड निर्माण अधूरा पड़ा है।

ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार ने भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान स्थिति में सड़क निर्माण संभव नहीं है। वहीं गांव में यह चर्चा भी है कि डाली गई गिट्टी को अन्यत्र हटाया जा सकता है। गर्मी के बाद बारिश शुरू होने की आशंका के बीच लोगों को सड़क निर्माण अधर में लटकने की चिंता सता रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि बीडीओ दिवाकर सिंह स्वयं टोले का निरीक्षण कर चुके हैं और उन्होंने ग्राम प्रधान व सचिव को विकास कार्य कराने के निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्य नहीं हुआ और पुरानी आरसीसी सड़क पर ही दोबारा काम करने की बात सामने आ रही है।

लालती देवी, शांति देवी, मंजू देवी, कौशल्या और पूनम समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि टोले में सड़क, नाली और जल निकासी की समस्या बेहद गंभीर है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। बरसात के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है। गांव में जल निकासी और सफाई व्यवस्था के अभाव में जगह-जगह गंदगी फैली है और नालियों का पानी खुले में बहने से दुर्गंध फैल रही है।

Advertisement

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो सड़क बनी और न ही नाली की मरम्मत कराई गई, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page