Connect with us

शिक्षा

यूपी बोर्ड 10वीं रिजल्ट जारी, कशिश और अंशिका बनीं संयुक्त टॉपर

Published

on

Loading...
Loading...

रिकॉर्ड समय में मूल्यांकन, 27.32 लाख छात्रों का इंतजार खत्म

वाराणसी (जयदेश)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने गुरुवार को शाम चार बजे हाईस्कूल (कक्षा 10) का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया। इस वर्ष कुल पास प्रतिशत 90.42 दर्ज किया गया है। परिणाम जारी होते ही आधिकारिक वेबसाइट upresults.nic.in समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर स्कोरकार्ड उपलब्ध करा दिया गया, जहां छात्र अपने रोल नंबर के जरिए मार्कशीट देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

इस बार टॉपर्स सूची में संयुक्त रूप से दो छात्राओं ने पहला स्थान हासिल किया। सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने समान 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं तीसरे स्थान पर भी तीन छात्रों ने संयुक्त रूप से जगह बनाई है। इनमें सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू और बाराबंकी की परी वर्मा शामिल हैं, जिन्होंने 97.33 प्रतिशत अंक अर्जित किए।

परीक्षा में इस वर्ष लगभग 27.32 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। परिणामों के विश्लेषण में एक बार फिर छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। कुल 11,72,862 लड़के और 11,79,319 लड़कियां सफल घोषित की गईं। लड़कों का पास प्रतिशत 87.30 रहा, जबकि लड़कियों का प्रतिशत 93.76 दर्ज किया गया।

बोर्ड ने इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को रिकॉर्ड समय में पूरा किया। 10वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित हुई थीं, जबकि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच संपन्न कर लिया गया। इसके लिए करीब 1.53 लाख कर्मियों को लगाया गया था, जिनमें 83,800 से अधिक परीक्षक शामिल थे। पिछले वर्ष 25 अप्रैल को परिणाम घोषित हुआ था, जबकि इस बार नतीजे इससे पहले जारी कर दिए गए।

Advertisement

रिजल्ट जारी होने के तुरंत बाद आधिकारिक वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के चलते कुछ समय के लिए तकनीकी दिक्कत आई, हालांकि बाद में पोर्टल सामान्य रूप से संचालित होने लगा। छात्र वेबसाइट, डिजीलॉकर या एसएमएस के माध्यम से भी अपना परिणाम देख सकते हैं।

बोर्ड ने छात्रों की सुविधा के लिए मल्टी-प्लेटफॉर्म व्यवस्था लागू की है, ताकि किसी एक सर्वर पर दबाव न पड़े। साथ ही डिजिटल मार्कशीट तुरंत उपलब्ध कराई गई है, जबकि मूल अंकपत्र बाद में संबंधित स्कूलों के माध्यम से वितरित किए जाएंगे।

रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “UP Board Class 10 Result 2026” लिंक पर क्लिक करना होगा, जिसके बाद रोल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज कर वे अपना परिणाम स्क्रीन पर देख सकते हैं और भविष्य के लिए डाउनलोड भी कर सकते हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page