शिक्षा
BHU : महिला छात्रावासों में साइबर लाइब्रेरी की मांग तेज
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्राओं ने समान शैक्षणिक सुविधाओं को लेकर आवाज बुलंद की है। महिला छात्रावासों में साइबर लाइब्रेरी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए छात्राओं ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।
छात्राओं का कहना है कि छात्रावासों के निर्धारित समय पर बंद हो जाने के कारण वे देर रात तक संचालित होने वाली केंद्रीय साइबर लाइब्रेरी का उपयोग नहीं कर पातीं। इससे उनकी पढ़ाई और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित हो रही है। उनका मानना है कि महिला आरक्षण की भावना केवल राजनीति तक सीमित न रहकर शैक्षणिक संस्थानों में भी दिखाई देनी चाहिए।
छात्राओं ने अपनी प्रमुख मांगों में महिला छात्रावासों में रहने वाली छात्राओं के लिए बिना किसी भेदभाव के सुरक्षित और सुलभ साइबर लाइब्रेरी सुविधा उपलब्ध कराने, छात्रावास परिसरों के भीतर आधुनिक संसाधनों से युक्त लाइब्रेरी स्थापित करने तथा छात्राओं को भी छात्रों के समान रात्रिकालीन अध्ययन संसाधनों तक पहुंच सुनिश्चित करने की बात कही है।
इस संबंध में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया की बीएचयू इकाई के महासचिव अमन कुमार ने कहा कि यह पहल किसी के विरोध में नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय में समान शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
