वाराणसी
मेधावी छात्रों को मिली पांच लाख की स्कॉलरशिप
नीट टॉपर श्रद्धा की मेडिकल पढ़ाई का खर्च भी उठाएगा ट्रस्ट
बनारस पब्लिक स्कूल में 30 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित, प्रो. अवध ओझा रहे मुख्य अतिथि
पिंडरा (वाराणसी)। बरजी स्थित बनारस पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह में विभिन्न कक्षाओं एवं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल पांच लाख रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की गई। कार्यक्रम में मोटिवेशनल स्पीकर एवं पतंजलि प्रशासनिक सेवा अकादमी के अध्यक्ष प्रो. अवध ओझा मुख्य अतिथि रहे।
तथागत ट्रस्ट की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को 8 हजार से 60 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति चेक के माध्यम से वितरित की गई। ट्रस्ट के संरक्षक, पूर्व आईएएस एवं भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एन. पी. सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में पहले ही प्रयास में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर देश में 544वीं रैंक प्राप्त करने वाली ग्रामीण क्षेत्र की छात्रा श्रद्धा को 60 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। साथ ही उसकी पूरी मेडिकल शिक्षा का खर्च उठाने की भी घोषणा की गई। श्रद्धा और उसके माता-पिता को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि श्रद्धा को कक्षा 9 से 12 तक निशुल्क शिक्षा तथा आवागमन के लिए स्कूटी भी उपलब्ध कराई गई थी।
छात्रवृत्ति मिलने से छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम का संचालन छात्राओं नंदनी पटेल और दिव्यानी यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य ए.के. शुक्ला ने दिया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख दीपक सिंह, अरुरेन्द्र कुमार सिंह, धीरज मिश्रा, संतोष कुमार, चुन्नीलाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
