गोरखपुर
मझौरा में सड़क-नाली का काम शुरू
सहजनवां/गोरखपुर। सहजनवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत मझौरा में लंबे समय से सड़क और नाली की बदहाल व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों को अब राहत मिलने लगी है। ग्रामीणों की समस्या को लेकर प्रकाशित की गई ग्राउंड रिपोर्ट के बाद संबंधित विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और गांव में सड़क एवं नाली के मरम्मत कार्य की शुरुआत करा दी। काम शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
लंबे समय से बनी थी समस्या
मझौरा गांव में सड़क खराब होने के साथ नालियों की स्थिति भी ठीक नहीं थी। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और जलनिकासी की समस्या के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती थी। स्थानीय लोगों ने कई बार समस्या के समाधान की मांग की थी।

ग्रामीणों की शिकायत के बाद मीडिया टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। इस दौरान ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क और नाली की समस्या को सामने लाया गया। मौके की स्थिति और ग्रामीणों की परेशानियों को लेकर ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित की गई।
रिपोर्ट के बाद हरकत में आया विभाग
रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग की ओर से समस्या का संज्ञान लिया गया। इसके बाद मझौरा ग्राम पंचायत में खराब सड़क और नाली के मरम्मत कार्य की शुरुआत कराई गई। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों को जल्द समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
काम शुरू होने पर ग्रामीणों ने राहत जताते हुए समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए मीडिया टीम का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क और नाली की व्यवस्था दुरुस्त होने से आवागमन के साथ जलनिकासी की समस्या भी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।
