Connect with us

राज्य-राजधानी

बर्ड फ्लू से सनसनी, यूपी के चिड़ियाघर सात दिन के लिए बंद

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर/लखनऊ। गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान में मादा बाघिन ‘शक्ति’ और भेड़िया ‘भैरवी’ की रहस्यमयी मौत ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान की रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि दोनों की मौत एच-5 एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) से हुई। रिपोर्ट सामने आते ही चिड़ियाघर प्रशासन सहित स्वास्थ्य व वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं।

लखनऊ, कानपुर और इटावा के चिड़ियाघर सात दिन बंद

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर के चिड़ियाघरों के साथ इटावा ‘लायन सफारी’ को भी 7 दिनों के लिए आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह चिड़ियाघर को 14 मई से 21 मई तक अस्थायी रूप से बंद किया गया है। कानपुर चिड़ियाघर 13 मई से ही बंद कर दिया गया है।

सीएम योगी ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक, दिए सख्त निर्देश

Advertisement

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस खतरे को गंभीरता से लेते हुए आपात बैठक बुलाई। उन्होंने राज्य के सभी प्राणी उद्यानों, पक्षी विहारों, नेशनल पार्कों और गो-आश्रय स्थलों में सतर्कता बढ़ाने और केंद्र की गाइडलाइंस के अनुरूप सभी जरूरी कदम तत्परता से उठाने के निर्देश दिए।

चिड़ियाघरों में सैनिटाइजेशन, आवाजाही पूरी तरह बंद

गोरखपुर चिड़ियाघर प्रशासन ने मृत जानवरों के विसरा की जांच कराई, जिसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद चिड़ियाघर को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। सभी बाड़ों और पिंजरों में सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। किसी भी कर्मचारी को अंदर-बाहर आने-जाने की इजाजत नहीं है।

कानपुर में शेर ‘पटौदी’ की भी तबीयत खराब

कानपुर चिड़ियाघर में हाल ही में लाए गए शेर ‘पटौदी’ के लीवर, ब्लड और पैंक्रियाज में संक्रमण मिला है। फिलहाल वह उपचाराधीन है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन ने सतर्कता के तौर पर चिड़ियाघर बंद किया है।

Advertisement

चिंता का विषय: इंसानों में फैल सकता है वायरस

विशेषज्ञों का मानना है कि बर्ड फ्लू का यह खतरनाक वायरस अन्य जानवरों और इंसानों में भी फैल सकता है। ऐसे में यह महज वन्यजीवों की नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की भी चिंता का विषय बन चुका है।

फिलहाल इंतजार… और सतर्कता जरूरी

प्रदेश के सभी प्रमुख चिड़ियाघरों में प्रवेश फिलहाल बंद रहेगा और अगले आदेश तक निगरानी और सैनिटाइजेशन का कार्य जारी रहेगा। जनता से अपील की गई है कि वे चिड़ियाघरों की ओर रुख न करें और अफवाहों से बचें।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page