Connect with us

भदोही

बिना प्रमाण पुराने बकाये के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं

Published

on

Loading...
Loading...

व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया अपनाने की मांग की

गोपीगंज। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल गोपीगंज के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने पुराने बकाये के मामलों में व्यापारियों को बिना दस्तावेजी प्रमाण के परेशान किए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 जैसे पुराने लेन-देन के मामलों में किसी व्यापारी को केवल मौखिक दावे के आधार पर थाने बुलाकर घंटों बैठाना उचित नहीं है।

श्रीकांत जायसवाल ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि यदि किसी व्यक्ति का किसी व्यापारी या उसके परिवार से कोई पुराना बकाया है तो उसके समर्थन में आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल मौखिक आरोपों के आधार पर कार्रवाई करने के बजाय मामले का समाधान निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए।

व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार की अनुचित कार्रवाई होने पर संगठन इसका विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन उनके साथ खड़ा रहेगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना प्रमाण व्यापारियों को परेशान करने की कार्रवाई जारी रही तो व्यापार मंडल पुलिस प्रशासन के समक्ष धरना देने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने प्रशासन से पुराने लेन-देन से जुड़े मामलों में उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page