भदोही
मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को सुरक्षा और स्वावलंबन की जानकारी
भदोही पुलिस ने महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकार और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक
भदोही, 21 सितंबर। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत भदोही पुलिस ने बहू-बेटी सम्मेलन सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकार और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपदीय थाना पुलिस ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस ने महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 और पुलिस कंट्रोल रूम 1076 के बारे में बताया।
महिलाओं को UPCOP एप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की जानकारी भी दी गई। साथ ही फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल या खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम और साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई।
भदोही पुलिस के अनुसार मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें सशक्त बनाने के साथ अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को मजबूत करना है। पुलिस ने महिलाओं से किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की।
