आजमगढ़
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने दिनेश चंद्र श्रीवास्तव
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर एजाज आलम ने दो मतों से दर्ज की जीत, अन्य पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित
आजमगढ़। सेंट्रल बार एसोसिएशन मंडल आजमगढ़ के वर्ष 2026-27 के चुनाव में शुक्रवार को मतदान के बाद परिणाम घोषित किए गए। संघ सभागार में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक हुए मतदान में कुल 58 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
18 मतों से जीते दिनेश श्रीवास्तव
अध्यक्ष पद के चुनाव में दिनेश चंद्र श्रीवास्तव को 38 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रफीउल हसन अब्बासी को 20 मत प्राप्त हुए। श्रीवास्तव ने 18 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कांटे का मुकाबला
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर एजाज आलम को 30 और त्रिभुवन नाथ तिवारी को 28 मत मिले। इस तरह एजाज आलम ने दो मतों के अंतर से जीत हासिल की।
अन्य पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित
चुनाव अधिकारी तारकेश्वर मिश्र ने परिणाम घोषित किया। अन्य पदों पर निर्धारित समय तक अन्य प्रत्याशियों के नामांकन नहीं होने के कारण पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए। इनमें कनिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेंद्र श्रीवास्तव, मंत्री जनार्दन राय, संयुक्त मंत्री (प्रशासन) विवेक तिवारी, संयुक्त मंत्री (प्रकाशन) योगेश सिंह, संयुक्त मंत्री (पुस्तकालय) पंकज राय और कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश सहित कार्यकारिणी के विभिन्न पदाधिकारी शामिल हैं।
अधिवक्ताओं ने दी बधाई
परिणाम घोषणा के दौरान वरिष्ठ समिति के चेयरमैन जयप्रकाश राय तथा समिति के सदस्य प्यारे मोहन श्रीवास्तव, राजबहादुर यादव और शत्रुघ्न सिंह मौजूद रहे। परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
