Connect with us

गोरखपुर

ट्रेन पर पत्थरबाजी के आरोप में पांच युवक पकड़े गए

Published

on

Loading...
Loading...

महिला यात्री के घायल होने की सूचना, गोरखपुर छावनी RPF ने कार्रवाई कर युवकों को देवरिया पोस्ट को सौंपा

गोरखपुर। ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटना में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को पकड़ लिया। घटना 20 सितंबर को गाड़ी संख्या 15027 के कुसम्ही की ओर अंडरपास के आगे की बताई गई है। पत्थर लगने से ट्रेन में सवार एक महिला यात्री के घायल होने की सूचना भी सामने आई है।

RPF के मुताबिक, गाड़ी संख्या 15027 के गार्ड ने VHF सेट के माध्यम से सूचना दी कि अंडरपास के आगे कुछ युवक खड़े हैं और ट्रेन पर पत्थर फेंक रहे हैं। सूचना मिलते ही गोरखपुर छावनी RPF पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार पुलिस एवं RPF टीम के साथ संभावित घटनास्थल की ओर रवाना हुए।

मौके पर पहुंचने पर पांच युवक वहां से भागने लगे। RPF टीम ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में युवकों ने कथित तौर पर गुजर रही ट्रेनों पर पत्थर फेंकने की बात स्वीकार की। उन्होंने नशे की हालत में पत्थरबाजी करने की बात भी बताई।

जांच में घटनास्थल किमी संख्या 499/8-9 के पास पाया गया। गार्ड द्वारा बताए गए स्थान और पकड़े गए युवकों की मौजूदगी के आधार पर क्षेत्र वाराणसी मंडल के अंतर्गत RPF पोस्ट देवरिया और संबंधित रेलवे पुलिस के क्षेत्राधिकार में पाया गया। इसके बाद गोरखपुर छावनी RPF टीम ने देवरिया RPF पोस्ट को घटना की जानकारी दी और गार्ड द्वारा उपलब्ध कराए गए FIR/मेमो को अभिलेखीय साक्ष्य के रूप में लिया गया।

Advertisement

पकड़े गए युवकों की पहचान विकास कुमार (22), शंकर कुमार (20), धीरज कुमार (19), शिव कुमार (18) और राजन (18) के रूप में हुई है। इनमें विकास, शंकर और धीरज नंदानगर FCI क्रासिंग, गोरखपुर के निवासी बताए गए हैं, जबकि शिव कुमार बेलवनिया, कुशीनगर और राजन गोलचहा पडरौना छावनी, कुशीनगर का निवासी बताया गया है।

क्षेत्राधिकार स्पष्ट होने के बाद पांचों युवकों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए RPF पोस्ट देवरिया को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई देवरिया RPF द्वारा की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page