गोरखपुर
स्कूल पढ़ने निकली नाबालिग छात्रा को युवक द्वारा भगाने का आरोप
मां की तहरीर पर गोला पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
गोलाबाजार, गोरखपुर, 21 सितंबर। गोला थाना क्षेत्र के एक गांव से स्कूल पढ़ने निकली 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने पड़ोसी गांव के एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए गोला थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां के अनुसार, पड़ोसी गांव जपती निवासी नितेश निषाद ने उनकी बेटी को बातचीत करने के लिए अपना मोबाइल नंबर दिया था। इसकी जानकारी छात्रा ने अपनी मां को दी। मां ने मामले की जानकारी बाहर काम कर रहे अपने पति को दी। आरोप है कि पति ने युवक को समझाया भी था।
तहरीर के मुताबिक, 19 सितंबर को छात्रा इंटर कॉलेज भूपगढ़ में परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंची। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
परिजनों ने आशंका जताई कि नितेश निषाद छात्रा को अपने साथ भगा ले गया है। गोला पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए छात्रा और आरोपी की तलाश में जुटी है।
