बलिया
पिकअप की टक्कर से युवक गंभीर घायल, पूर्व विधायक ने गमछे से बांधा पैर
सुरेंद्र सिंह की तत्परता से रुका अत्यधिक रक्तस्राव, एम्बुलेंस बुलाकर अस्पताल भिजवाया
बलिया | हल्दी थाना परिसर के समीप सोमवार की शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल युवक की प्राथमिक सहायता की और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
जानकारी के अनुसार, दुबहर थाना क्षेत्र के जनाड़ी गांव निवासी अर्जुन यादव सोमवार शाम मोटरसाइकिल से हल्दी से अपने घर लौट रहे थे। हल्दी थाने के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उनका पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने भीड़ देखकर अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने तत्काल अपने गमछे से घायल के पैर को कसकर बांधा, जिससे रक्तस्राव नियंत्रित करने में मदद मिली। इसके बाद उन्होंने एम्बुलेंस बुलाकर घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पूर्व विधायक की त्वरित मदद और मानवीय पहल की क्षेत्र में लोगों ने सराहना की। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
