Connect with us

चन्दौली

बाढ़ प्रभावित चूरमूली गांव पहुंचे डीएम चंद्र मोहन गर्ग, लिया जायजा

Published

on

Loading...
Loading...

ग्रामीणों से संवाद कर जाना हाल, राहत सामग्री के त्वरित वितरण और नुकसान के आकलन के दिए निर्देश

चकिया, (चन्दौली) जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बाढ़ प्रभावित चूरमूली गांव का धरातलीय निरीक्षण कर जलभराव और राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड में रहने और राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ के पानी से घिरे गांव में लोगों का हाल-चाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने अधिकारियों को भोजन, राशन किट, शुद्ध पेयजल और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की हिदायत दी, ताकि प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो।

नुकसान का जल्द कराया जाए सर्वे

डीएम ने तहसीलदार और क्षेत्रीय लेखपाल को बाढ़ से हुए नुकसान का पारदर्शी और त्वरित आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने फसल, मकान और पशुधन की क्षति का सटीक सर्वे कर रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा, जिससे प्रभावित लोगों को समय से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। लेखपालों को क्षेत्र में कैंप करने और ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए रखने का भी निर्देश दिया।

स्वास्थ्य और पशुपालन टीमों को सक्रिय रहने के निर्देश

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने को कहा। उन्होंने संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, क्लोरीन की गोलियों का वितरण और पशुओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व टीम सहित कई जिलास्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page